'ईसाई बन जाओ, पांच हजार देंगे', आजमगढ़ में मतांतरण के लिए प्रलोभन देने पर 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज; जांच शुरू

 'ईसाई बन जाओ, पांच हजार देंगे', आजमगढ़ में मतांतरण के लिए प्रलोभन देने पर 7 लोगों के खिलाफ केस दर्ज; जांच शुरू











मामला रौनापार थाना के साहडीह गांव का है। विरोध करने पर गांव के पुरुषों को छेड़खानी के मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी गई। सात लोगों के खि‍लाफ मुकदमा दर्ज कर ल‍िया गया है। पुल‍िस जांच में जुटी है।





आजमगढ़, संवाद सूत्र। रौनापार थाना के साहडीह गांव में धन के बल पर मतांतरण के प्रयास का मामला सामने आया है। गांव की मंती देवी की तहरीर पर पुलिस ने मंगलवार की देर रात सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।

       





ईसाई बनने पर 5000 रुपए देने का द‍िया लालच

मंती का आरोप है कि 31 मई को गांव के पास डीह-काली के मंदिर पर गांव वालों के साथ पूजा-अर्चना कर रही थीं। तभी उसी गांव की राजकुमारी देवी, बिंदु, अनीता, सरोज, सुरेंद्र, देवेंद्र, केशभान आए और बोले कि हिंदू धर्म छोड़ दो। यह क्या पूजा-पाठ करते हो। राजकुमारी देवी ने कहा कि ईसाई बन जाओ, तो पांच हजार दे देंगे और भूत-प्रेत भी कभी नहीं लगेगा। मूर्तियों को तोड़ने का प्रयास करने लगे और जब उन्‍होंने इसका इसका विरोध किया, तो राजकुमारी ने गांव के पुरुषों को छेड़खानी के मुकदमे में फंसाने की धमकी दे डाली।

ईसाई बनने का दबाव बनाने का आरोप

मंती ने यह भी आरोप लगाया क‍ि आरोपी ईसाई बन चुके हैं और पूरे गांव को परेशान करते हैं। जबरन ईसाई बनने का दबाव बना रहे हैं। थानाध्यक्ष रौनापार राम प्रसाद बिंद ने बताया कि मंती देवी पत्नी उमाकांत निषाद की तहरीर पर सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज मामले की छानबीन की जा रही है। उसके बाद कार्रवाई की जाएगी।

मतांतरण के लिए धन का प्रलोभन और मारपीट, धमकी के मामले में दर्ज मुकदमे को उसी दिन हुई मारपीट से भी जोड़कर देखा जा रहा है। दरअसल, पूजा-पाठ के दौरान मारपीट के मामले में जिस अनीता ने तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था उसमें मंती देवी के पति के भाई उमाशंकर को भी शामिल किया गया था। फिलहाल, यह जांच का विषय है, लेकिन गांव में इस को भी लेकर चर्चा चलती रही।

Comments